भट्ठा मुंशी से ढाई लाख की लूट करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
बडगांव (सहारनपुर)। लेबर को पैसा बांटने के लिए पसार जा रहे भट्ठा मुंशी से तमंचे के बल पर ढाई लाख रुपये की लूट करने वाले दो बदमाशों को चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद बड़गांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए जेल भेज दिया गया।
बड़गांव थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया की शनिवार की देर शाम जड़ौदा पांडा में स्थित चौधरी आसाराम डिग्री कालेज के पास पुलिस बल के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो बाइक सवार बदमाशाें ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए कल्नहेडी गांव की तरफ कच्चे रास्ते पर बाइक दौड़ा दी।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लग गई और बदमाश जमीन पर गिर पड़े। दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल में भर्ती करा दिया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बदमाशों के पास से भट्ठा मुनीम से लूटे गए ढाई लाख रुपये में से दो लाख रुपये, लूट में प्रयुक्त तमंचा, एक मस्कट, तीन कारतूस, दो खोखे तथा घटना में प्रयोग की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम गोटू पुत्र पप्पू निवासी सम्भलहेडी थाना रामपुर मनिहारान, अंशुल पुत्र ऋषिपाल निवासी सूभरी थाना नानौता बताया।
पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि भट्ठा मुंशी से लूटे गए ढाई लाख में से 50 हजार रुपए खर्च हो गए। पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ लूट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
दैनिक सर्वे बुलेटिन
Leave a Reply