दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने गिनाईं नगर निगम सहारनपुर की उपलब्धियां

दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर महापौर

दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने गिनाईं नगर निगम सहारनपुर

सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार का कहना है कि हम महानगर में रहने वाले दस लाख लोगों के प्रति जवाबदेह हैं। हमारा प्रयास है कि हम निगम क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को पेयजल, सड़क, सफाई, पथ प्रकाश आदि मूलभूत सुविधाएं श्रेष्ठता के साथ उपलब्ध कराएं। इसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। निगम क्षेत्र में शामिल हुए 32 गांवों में ये सुविधाएं पहुंचाने के लिए भी हम संकल्पित हैं।

उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद गत दो वर्षो में नगर निगम ने जनता को सुविधाएं देने के लिए अनेक ठोस कदम उठाएं हैं। महापौर डॉ. अजय कुमार आज यहां अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गत दो वर्ष में महानगर में सड़क व नाला निर्माण के 615 कार्य पूर्ण कराये गए हैं और 57 पर कार्य चल रहा है। नगर निगम सहारनपुर प्रदेश का प्रथम नगर निगम है जिसकी गोशाला में गोबर निर्मित प्राकृतिक पेंट यूनिट की स्थापना की गई है। इस प्राकृतिक पेंट को भी 10 वें स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो में ‘सस्टेनेबल सॉल्यूशन कैटेगरी’ के अन्तर्गत पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इसके अलावा निगम की गौशाला प्रदेश की पहली गौशाला है जिसके उत्पाद ऑनलाइन वेबसाइट पर विक्रय हेतु उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन उठान, सफाई तथा नाला सफाई आदि के लिए अनेक वाहन व उपकरण खरीदे गए हैं। इनमें फ्रंटलोडर, बैकहोलाडोर, बड़ी पोकलेन, छोटी पोकलेन, बडे़ ट्रक, ओपन टैम्पू, मिनी टैम्पू, छोटी हाईड्रोलिक ट्राली, छोटे-बडे़ ट्रैक्टर, हाथ ठेली व रिक्शा के अलावा रोड स्वीपिंग मशीन शामिल है।

इसके अलावा घुन्ना महेश्वरी में निर्मित कूड़ा निस्तारण संयंत्र के लिए बीपीसीएल से एग्रीमेंट किया गया है। जिसमें प्रतिदिन 120 टन गीले कूडे़ से कम्प्रेस्ड बायो गैस (सीबीजी) बनायी जायेगी। उन्होंने बताया कि शहर की ढमोला व पांवधोई नदी की सफाई के लिए 11.39 करोड़ की एक कार्य योजना शासन को प्रेषित की गयी है ताकि शहर के लोगों को बाढ़ की समस्या का सामना न करना पडे़। उन्होंने बताया कि सहारनपुर के आर्थिक रुप से कमजोर क्षेत्रों/मलिन बस्तियों के लिए अलग से बजट में प्रावधान किया गया है।

शहर की श्वान समस्या के सम्बंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि श्वानों की संख्या नियंत्रित करने के लिए सहारनपुर में मंडल के पहले ‘मॉडल एनिमल बर्थ कंट्रोल/डॉग केयर सेंटर’ की स्थापना की गयी है। पत्रकार वार्ता के दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि सहित निगम के सभी विभागों के अधिकारी व उपसभापति/ पार्षद मुकेश गक्खड़ मौजूद रहे।

●नया विजन देते हैं महापौर: नगरायुक्त

नगरायुक्त शिपू गिरी ने दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर महापौर डॉ.अजय कुमार को बुके भेंट कर अभिनंदन करते हुए कहा कि महापौर नया विजन देते हैं जिससे शहर के विकास के रास्ते खुलते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महापौर के दिशा निर्देशन में लोगों के प्रति अच्छा और सुविधाओं की दृष्टि से और बेहतर कर पायेंगे।

●तीन स्थानों पर होगी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना

महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि भूमिगत जल स्तर में और सुधार के लिए शहर के तीन स्थानों कलक्ट्रेट परिसर, नगर निगम परिसर व हसनपुर चौक स्थित तालाब पर जल्दी ही वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना करायी जा रही है।

●निगम ने की अपनी आय स्त्रोतों में वृद्धि: महापौर

महापौर ने बताया कि सरकार सभी निकायों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। सहारनपुर निगम ने भी अपने आय के स्त्रोतों में वृद्धि के लिए ठोस कदम उठाए है। उन्होंने बताया कि गृहकर-जलकर से वित्तीय वर्ष 2022-23 में हुई 40.36 करोड़ की वसूली में वृद्धि करते हुए वर्ष 2023-24 में 51.34 करोड़ तथा वर्ष 2024-25 में 64.40 करोड़ रुपये की वसूली की गयी है।

यानि गत दो वर्ष में 115.74 करोड़ की वसूली की गयी है। वर्ष 2023-24 की तुलना में वर्ष 2024-25 में 12.50 करोड़ की वृद्धि पर नगर निगम सहारनपुर सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत 25 करोड़ ग्रांट प्राप्त करने में सफल रहा है। उन्होंने बताया कि मेला गुघाल एवं मेला महाड़ी से गत दो वर्ष में छह करोड़ 33 लाख रुपये की आय की गयी है। नगर पथ के ठेके से भी गत दो वर्ष में 1.26 लाख रुपये अर्जित किये गए हैं।

टैक्स सम्बंधी एक सवाल के जवाब में महापौर ने बताया कि जनता की मांग पर जीआईएस सर्वे बिल वर्ष 2024 से लागू किये जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि जनसुविधा के लिए करदाताओं को ऑनलाइन कर जमा करने के लिए लेखा विभाग द्वारा डिजिटल प्लेटफॉर्म दिया गया है।

दैनिक सर्वे बुलेटिन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *