नागल में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर “पत्रकारिता के बदलते स्वरूप व चिंतन” पर गोष्ठी, अधिकारियों को सम्मानित किया गया

नागल में हिंदी पत्रकारिता दिवस

नागल में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर “पत्रकारिता के बदलते स्वरूप व चिंतन” पर गोष्ठी, अधिकारियों को सम्मानित किया गया

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर “पत्रकारिता के बदलते स्वरूप व चिंतन” पर गोष्ठी आयोजित कर किया सम्मानित

नागल। शुक्रवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस पर प्रेस क्लब नागल के तत्वावधान में “पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चिंतन” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारों से अपने कार्य के बारे में चिंतन करते रहने पर बल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों को सम्मान पत्र देकर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब नागल के संरक्षक मनसब अली परवेज ने कहा कि वर्तमान में पत्रकारिता मिशनरी न रहकर व्यवसाय का रूप ले चुकी है। समय के साथ बहुत बदलाव हुआ है लेकिन प्रिंट मीडिया आज भी विश्वसनीय है। पत्रकारबंधु समाज को सही आईना दिखाने का काम करें साथ ही चिंतन करें कि उनके द्वारा प्रकाशित समाचार से समाज व राष्ट्र का क्या भला हो सकता है। नकारात्मकता से बचें व सकारात्मक को अपनाएं। संरक्षक अजय अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान दौर में प्रेस की दिशा व दशा निरंतर बदल रही है।

इसका मुख्य कारण पत्रकारिता के क्षेत्र में ऐसे तत्वों का प्रवेश है जो समाज में पत्रकारिता को कलंकित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के व्यवसाय प्रधान होने से पत्रकारिता का सामाजिक सरोकार लुप्त होता जा रहा है जो एक चिंता का विषय है समाज में बढ़ती चाटुकारिता की पत्रकारिता से पत्रकारों का मान सम्मान प्रभावित हो रहा है। प्रेस क्लब नागल के अध्यक्ष ओमप्रकाश जैन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पत्रकारों का संगठन मजबूत हो इसके लिए हम सभी को आपसी समन्वय बनाए रखना होगा।

थाना प्रभारी रमेश चंद्र सिंह ने कहा कि पत्रकार व पुलिस एक दूसरे के पूरक हैं, परस्पर सहयोग व समन्वय से समाज को एक अच्छा संदेश दिया जा सकता है। खंड विकास अधिकारी प्रेम सिंह ने कहा कि पत्रकार हमारी कमियों को उजागर करने के साथ-साथ अच्छाइयों को भी उजागर करें जिससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नितिन कुमार ने कहा कि जिस तरह चिकित्सक अपने कार्य से रोगियों को स्वस्थ बनाने का कार्य करता है उसी तरह पत्रकार भी अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को रोशनी देने का काम करता है।

उपखंड अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि पत्रकार की समाज के प्रति जागरूकता जितनी अधिक होगी उसकी लेखनी का दबदबा भी उतना ही अधिक होगा। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रमेश चंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी प्रेम सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विजेंद्र कुमार बालियन, उपखंड अधिकारी सुरेंद्र कुमार व अभियंता विद्युत रवि शंकर को प्रेस क्लब नागल का पटका पहनाकर व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संजीव विश्वकर्मा, अजीत त्यागी, विनोद शर्मा, वीरेंद्र चौधरी, सोनू सैनी सुदर्शन, प्रधान राजकरण चौधरी, एडीओ बालेश राठौर, अवर अभियंता रविशंकर, उपनिरीक्षक महेश कुमार, सनी तोमर, सुनील कुमार, अश्वनी कुमार, आदि रहे।

दैनिक सर्वे बुलेटिन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *