अवैध धार्मिक स्थल पर योगी सरकार की सख्त कार्रवाई, भोजपुर तगा में बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त
चिलकाना / क्षेत्र के गांव भोजपुर तगा में बिना प्रशासन से अनुमति लिए बनाये जा रहे धार्मिक स्थल के निर्माण कार्य को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में धवस्त करा दिया गया।
चिलकाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भोजपुर तगा में अवैध रूप से बनाए जा रहे धार्मिक स्थल के निर्माण कार्य को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से गिरा दिया। बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन, पुलिस बल व पंचायत अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्यवाही से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में कुछ लोगों द्वारा बिना नक्शा पास कराए और बिना किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति के धार्मिक स्थल (मस्जिद) का निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसको लेकर जिला पंचायत विभाग द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए आज बृहस्पतिवार को पीएससी, आरआरएफ और स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की सहायता से कुछ ही मिनटों में धवस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था। कार्यवाही के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा इसका विरोध नही किया गया। बिना किसी हस्तक्षेप व विरोध के बुलडोज़र कार्यवाही पूर्ण की गई। लेकिन गांव में नोटिस की समय सीमा से पहले कार्यवाही किये जाने की चर्चा बनी हुई थी, वहीं जब मस्जिद कमेटी से बात करने की कोशिस की गयी तो उन्होने कोई जवाब नही दिया।
उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार ने बताया कि जिला पंचायत के आदेश पर यह कार्यवाही की गई है। मस्जिद निर्माण के लिए कोई परमिशन या नक्शा जिला पंचायत से पास नही करवाया गया था। अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद पन्द्रह दिनों का नोटिस जारी किया गया था। जिसके सम्बन्ध में कोई जवाब न मिलने पर यह कार्यवाही की गई है। बिना अनुमति और वैध प्रक्रिया के बन रहे निर्माण को गिराया गया है, यदि आगे भी कोई निर्माण बिना अनुमति के होता है, तो उस पर भी कडी कार्यवाही की जाएगी। कानून का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होने यह भी बताया कि जिस भूमि में मस्ज़िद निर्माण किया जा रहा है वह भूमि कृषि भूमि है। जिसको आबादी में नही कराया गया है।
उक्त कार्यवाही में उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार, तहसीलदार जितेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार प्रशांत अवस्थी, कानूनगो प्रदीप रोहिला, लेखपाल योगेंद्र पाल, प्रदीप कौशिक, जिला पंचायत जेई आदेश कुमार, सीओ सदर मनोज यादव तथा चिलकाना थाना प्रभारी निरिक्षक चंद्रसेन सैनी, देहात कोतवाली प्रभारी निरिक्षक कपिल देव व थाना कुतुबशेर की पुलिस टीम के साथ साथ भारी संख्या में सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।
अवैध धार्मिक स्थल पर योगी सरकार
Leave a Reply