कांग्रेस और सपा को जनता से कोई सरोकार नहीं: सहारनपुर में बोले मंत्री सुनील शर्मा
सहारनपुर। प्रदेश सरकार में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी कैबिनेट और जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस व सपा को जनता से कोई सरोकार नहीं है। दोनों राजनीतिक दलों ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया है।
जनता इनकी असलियत जान चुकी है। प्रदेश सरकार ने अपराधियों का खात्मा कर जनता को सुरक्षा दी है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पूरे देश में मॉडल के रूप में सामने आया है। हर वर्ग के लोगों को तमाम योजनाओं का लाभ मिल रहा है। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने पूरी दुनिया में देश को अलग पहचान दिलाई है। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी राजकीय विश्व विद्यालय की सौगात दी।
अब जनपद के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों और शहरों नहीं जाना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने शिक्षा को उच्च स्तर पर पहुंचाया। प्राथमिक और सरकारी विद्यालयों का कायाकल्प किया है। प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों को स्कूल की यूनिफार्म, जूते, जुराबें खरीदने के लिए उनके खाते में 1200 रुपये की नगदी डाली गई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हर घर नल, हर घर जल योजना में लापरवाही बरतने वाले कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। महापौर डाक्टर अजय सिंह, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, भाजपा जिलाध्यक्ष डाक्टर महेंद्र सैनी सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
दैनिक सर्वे बुलेटिन
Leave a Reply