Dainiksurveybulletin

Dainiksurveybulletin

टैक्स वृद्धि पर व्यापारियों को महापौर ने दिया आश्वासन, कहा किसी का उत्पीड़न नहीं होने देंगे

सहारनपुर।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि जीआईएस सर्वे के आधार पर हुई टैक्स वृद्धि को लेकर उत्पन्न भ्रांतियों को दूर किया जाएगा और किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन व्यापारी समुदाय के साथ समन्वय बनाकर सभी मुद्दों का समाधान करेगा।

व्यापारी प्रतिनिधियों की प्रमुख मांगें:
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, नेहरू मार्केट, शहीद गंज, रायवाला मार्केट, श्रीराम चौक, भगत सिंह मार्ग, विजय टॉकीज, चिलकाना रोड, घंटाघर, किशनपुरा व आवास विकास क्षेत्रों के व्यापारी प्रतिनिधियों ने राजकुमार मक्कड़, दिनेश सेठी, संजय फुटेला, अनेश शर्मा, अमित गर्ग, योगेश दुआ, संजय शर्मा के नेतृत्व में महापौर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जीआईएस सर्वे के आधार पर की गई टैक्स वृद्धि को वापस लेने की मांग की।

महापौर का आश्वासन:
महापौर ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार टैक्स में वृद्धि हुई है, लेकिन व्यापारियों की मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि निगम अधिकारियों व व्यापारी प्रतिनिधियों के बीच बैठक कर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स के नाम पर आम जनता और व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

शहर में चलाए जाएंगे समाधान शिविर:
महापौर ने जानकारी दी कि नगर के विभिन्न वार्डों में विशेष अभियान चलाकर कैम्प लगाए जाएंगे, जिनमें व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक व्यापारी संगठनों ने महापौर से भेंट कर अपनी समस्याएं साझा की हैं।

महापौर का सकारात्मक रुख:
व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए महापौर ने कहा कि वे सदैव व्यापारियों के सहयोग से शहर के विकास और राष्ट्र सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

रिपोर्ट: महफूज़ अली, मुख्य संवाददाता – दैनिक सर्वे बुलेटिन, सहारनपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *